नवगछिया में आजाद हिंद मोर्चा ने रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेल गेट संख्या-11 को तत्काल खोलने की मांग तेज कर दी है। मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हाजीपुर स्थित रेल महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर गेट खोलने तथा पश्चिमी दिशा में अंडरपास सड़क निर्माण समेत अन्य मांगों को उठाया।
ज्ञापन में कहा गया है कि पूर्वी रेल गेट संख्या-11 पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के बाद गेट बंद कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में जेल, महिला कॉलेज, थाना, न्यायालय, हाई स्कूल, बाजार और घनी आबादी होने के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
मोर्चा ने आरोप लगाया कि बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर रोड ओवरब्रिज होने के बावजूद रेलवे गेट संचालित हैं, जबकि नवगछिया में गेट बंद कर दिया गया है। इसे लेकर भेदभावपूर्ण रवैये का आरोप भी लगाया गया।

राजेंद्र यादव ने कहा कि रेलवे प्रशासन 15 दिनों के भीतर सकारात्मक निर्णय ले। अन्यथा आजाद हिंद मोर्चा नवगछिया रेलवे स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन तथा राज्य और केंद्र सरकार की होगी।

