नवगछिया: पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर बाबा गणिनाथ सेवा समिति की ओर से शनिवार को नवगछिया रेलवे स्टेशन परिसर में निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने भोजन ग्रहण किया और समिति के प्रयास की सराहना की।
Total Downloads: 72
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा गणिनाथ की पूजा-अर्चना एवं भोग अर्पण के साथ किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के बीच भोजन का वितरण शुरू हुआ। भोजन में पूरी, बुनिया और सब्जी की व्यवस्था की गई थी। सैकड़ों लोगों ने कतारबद्ध होकर प्रसाद स्वरूप भोजन प्राप्त किया।
इस सेवा अभियान को सफल बनाने में नवगछिया के व्यवसायी अरुण कुमार यादुका का विशेष सहयोग रहा। समिति के सदस्यों ने उनके योगदान की सराहना की।

समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार भारती ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से आगे आकर ऐसे सामाजिक और सेवा कार्यों में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में समिति के कोषाध्यक्ष विवेकानंद कुमार, शशि शेखर कुमार, रूपेश कुमार, नवीन साह, रंजीत कुमार साह, डॉ. पंकज साह, शिवम यादुका, ओम सिंह राजपूत, शिवम कुमार चौहान, धर्मेंद्र कुमार समेत समिति के कई सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा रेलवे प्रशासन के कर्मियों और यादुका परिवार के सदस्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेवा और समर्पण की भावना से आयोजित इस कार्यक्रम ने जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज में परोपकार और सहयोग का संदेश भी दिया।
