नवगछिया: पुलिस जिला के इस्मालपुर थाना क्षेत्र के परबत्ता गांव में रविवार को अपराधियों ने किसान महाबीर मंडल (50) को गोली मार दी। गंभीर अवस्था में ग्रामीणों ने जख्मी को देर रात जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।
Total Downloads: 75
हालत नाजुक देख प्रारंभिक इलाज के बाद जेएलएनएमसीएच के डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि रात दस बजे महाबीर बांध के पास बैठा हुआ था। तभी दो बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। अपराधियों ने एक दर्जन गोलियां चलाई। विरोध करने पर बदमाशों ने सटाकर महाबीर के सीने में एक गोली दाग दी।

चिंताजनक स्थिति में ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी महाबीर को जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया। ग्रामीण अनिल मंडल और अवधेश मंडल ने बताया कि अब तक पता चला है कि अपराधी मवेशी चोरी की नीयत से गांव आए थे। दो बाइक पर कितने अपराधी थे इसके बारे में ग्रामीणों ने अनभिज्ञता जाहिर की तथा बताया कि सीधे भागलपुर लाने के कारण घटना की पुलिस को सूचना नहीं दी जा सकी थी।

