भोजपुरी फिल्मों और एलबमों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरने के बाद अब अदाकारा बबली बॉलीवुड में धूम मचाने को तैयार है। निदेशक हेमंत कुमार बच्चन की फिल्म ‘हिंद की बेटी’ में वह जल्द ही बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। इस फिल्म में वह सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ दिखेंगी।

एसबीएन कॉलेज पटना में बीए पार्ट- 3 की छात्रा बबली के मुताबिक वह हाल में निर्देशक राजन की फिल्म ‘शहर मसीहा नहीं’ का हिस्सा बनी थी। इसमें उनके अभिनय को देखकर निर्देशक हेमंत कुमार बच्चन ने ‘हिंद की बेटी’ फिल्म में काम करने का ऑफर दिया। बबली कहती है की इस फिल्म में बिग बी अमिताभ बच्चन भी हैं। यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है। इस फिल्म की शुरुआती शूटिंग मुंगेर, जमुई सहित बिहार कई हिस्सों में होगी। दूसरे हिस्से में फिल्म की शूटिंग मुंबई में होगी।

मिल चुके हैं कई अवार्ड

भोजपुरी एलबम और फिल्मों से ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने वाली बबली का अब तक का सफर संघर्षो से भरा है।  हाल में पर्दे पर आई उनकी भोजपुरी फिल्म “दारू” को जमकर सराहना मिली। झारखंड सरकार ने इस फिल्म को बेस्ट प्रेरक फिल्म का अवार्ड भी दिया है। जबकि एनसीआर में इसे सोशल आवार्ड मिला।

बचपन से ही नृत्य-संगीत का शौक

बबली कहती हैं कि बचपन में पिताजी शराब के नशे में अक्सर मां की पिटाई करते थे। जिसके बाद मेरे माता-पिता अलग हो गए। इसी कारण जब दारू फिल्म का प्रस्ताव मिला तो उसे स्वीकार कर लिया। मैंने सोचा कि अगर एक भी व्यक्ति दारू फिल्म देखने के बाद शराब से तौबा कर लेता है तो मुझे लगेगा कि मेरा जीवन सफल हो गया। बबली ने कहा कि बचपन से ही नृत्य-संगीत का शौक था। जब मैंने भोजपुरी एलबम और छोटे-छोटे फिल्म में काम करना शुरू किया तो लोग ताना मरते थे। हमारा घर से निकलना मुश्किल था। अब वही लोग तारीफ करने लगे हैं।

मां ने दिया हौसला

2010 से बबली के माता पिता अलग रहने लगे। लेकिन, बबली की मां स्वीटी देवी ने फिर भी हार नहीं मानी। पति से अलग होने के बाद मायके में रहकर बच्चों की परवरिश करने लगी। बबली की मां बताती है कि जब उसकी बेटी ने फिल्म में काम करने की बात कही तो उसे रोका नहीं बल्कि उसे हौसला दिया। उन्होंने कहा कि आज उसकी बेटी जिस मुकाम पर पहुंची है, उससे वो काफी खुश है।

क्या कहना है इनका

बबली को इस मुकाम पर पहुंचाने वाले जमालपुर के हिंदी के गायक कलाकार निर्मल सक्सेना ने बताया कि मुंगेर में एक फिल्म के ऑडिशन के दौरान बबली को देखा था। उसे देखकर लगा कि ये एक अच्छी लड़की है और फिल्म इंडस्ट्री में अच्छा काम कर सकती है। इसके बाद मैने इसका सपोर्ट करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर बेटियों को थोड़ा सा सहारा मिले तो वो भी बहुत कुछ कर सकती हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *