भागलपुर। बाढ़ के पानी से घिरे खुटाहा गांव के दहला बहियार में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में मां, उसके दो बेटे, एक बेटी और पड़ोसी होमगार्ड जवान की 17 वर्षीय बेटी शामिल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया।

घटना बाइपास थाना क्षेत्र के खुटाहा गांव के दहला बहियार में करीब तीन बजे हुई। मृतकों की पहचान खुटाहा साह टोला निवासी मुकेश साह की 35 वर्षीय पत्नी मंचो देवी, उनके पुत्र अभिषेक कुमार (10), अक्षय कुमार (8), पुत्री सोनाक्षी कुमारी (13) और पड़ोसी होमगार्ड जवान कप्पो साह की 17 वर्षीय पुत्री अंशु प्रिया के रूप में हुई है। अंशु प्रिया 12वीं कक्षा की छात्रा थी।

छोटे बेटे को डूबता देख मां कूदी, फिर एक-एक कर सभी समाते चले गए

मृतका के पति मुकेश साह के अनुसार, उनका खेत घर से करीब 400 मीटर दूर बहियार में है। गंगा के बाढ़ के पानी से कोइली खुटाहा सहित आसपास के चौर और बहियार पानी से लबालब हैं। मंचो देवी अपने बच्चों और पड़ोस की किशोरी अंशु प्रिया के साथ खेत की ओर जा रही थीं।

खेत जाने वाली पगडंडी के किनारे एक बड़ा नालानुमा डांड़ था, जिसमें बाढ़ का पानी भरा था। पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं होने के कारण एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख मां मंचो देवी उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ीं। इसके बाद मां और भाई को बचाने के प्रयास में दूसरे बच्चे और बेटी भी पानी में उतर गए। उन्हें डूबता देख अंशु प्रिया भी बचाने के लिए गहरे पानी में उतर गई और सभी एक-एक कर गहरे पानी में समा गए। ग्रामीणों के अनुसार डांड़ में पानी करीब 15 से 20 फीट गहरा था।

ग्रामीणों ने बाल पकड़कर निकाला, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर गहरे पानी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। इसके बाद पांचों को तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, मायागंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।

रात में सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना को लेकर मुकेश साह के बयान पर बरारी कैंप थाने में सनहा/रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पत्नी और तीन बच्चों को खोकर टूट गए मुकेश

हादसे ने मुकेश साह का पूरा परिवार उजाड़ दिया। एक ही झटके में पत्नी, दो बेटों और बेटी को खोने के बाद वह अस्पताल में बदहवास नजर आए। परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें संभाला। घटना ने अस्पताल में मौजूद लोगों को भी झकझोर दिया।

खुटाहा पंचायत के मुखिया देवेंद्र कुमार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए बाढ़ प्रभावित जलजमाव वाले रास्तों पर सुरक्षा चेतावनी बोर्ड लगाने और पीड़ित परिवारों को आपदा प्रबंधन विभाग से मिलने वाली सहायता व मुआवजा जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *