राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से छूटे पात्र परिवारों को मिलेगा लाभ, ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकेंगे आवेदन
Total Downloads: 9
भागलपुर: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) से वंचित पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन ने नए राशन कार्ड बनाने का विशेष अभियान तेज कर दिया है। बिहार सरकार के निर्देश पर जिले में 23,856 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला आपूर्ति शाखा ने इस संबंध में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ), सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (बीएसओ) को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने 26 जुलाई को आयोजित होने वाले पंचायत विकास शिविर से पहले अधिक से अधिक पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनाकर उन्हें योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

अभियान को गति देने के लिए अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत स्तर पर आवेदन प्राप्त करने और प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए बीडीओ को पंचायत सचिव, विकास मित्र और अन्य क्षेत्रीय कर्मियों का सहयोग लेने को कहा गया है।
जिन पात्र परिवारों का अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है, वे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन के लिए संबंधित प्रखंड कार्यालय के आरटीपीएस (RTPS) काउंटर पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किया जा सकता है। वहीं घर बैठे आवेदन करने वाले लोग राज्य सरकार के स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य जिले के किसी भी पात्र और जरूरतमंद परिवार को खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले राशन के लाभ से वंचित नहीं रहने देना है। इसके साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की निष्पक्ष जांच, पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने जिले के सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि यदि उनका राशन कार्ड अब तक नहीं बना है तो वे बिना देरी किए जल्द से जल्द आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करें।
