पिछले 24 घंटे से शीतलहर के साथ कोहरे का प्रकोप अधिक होने से ट्रेनों की लेटलतीफी और बढ़ गई है। हालात ऐसे हैं कि कौन सी ट्रेन कब खुलेगी और कब पहुंचेगी अब इसका कोई ठिकाना नहीं रह गया है। गुरुवार को अप और डाउन लाइन की सभी ट्रेनें काफी देर से चली। शुक्रवार को डाउन ब्रह्मपुत्र मेल सहित तीन-तीन ट्रेनें रद्द रहेगी।

गुरुवार को भागलपुर आने वाली डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस 13 घंटे से भी अधिक विलंब से चल रही थी। दिन के 11:15 बजे भागलपुर से खुलने वाली अप विक्रमशिला एक्सप्रेस रात 8 बजे के बाद रवाना हुई। वहीं डाउन अमरनाथ एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से लगभग 24 घंटे विलंब से चल रही थी। यह ट्रेन शुक्रवार को भागलपुर पहुंचेगी। इसलिए गुरुवार को रात 11:50 बजे भागलपुर से रवाना होने वाली अप अमरनाथ एक्सप्रेस भी शुक्रवार को ही चलेगी। रेलकर्मियों की मानें तो पिछले दो दिनों में ट्रेनों की लेटलतीफी इतनी बढ़ी है कि कुछ ट्रेनें अगले दो-तीन दिनों में रद्द भी हो सकती है। ट्रेनों की इस लेटलतीफी से यात्री न सिर्फ विलंब से गंतव्य तक पहुंच रहे हैं, बल्कि उन्हें घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। दिल्ली से आने वाले यात्रियों का कहना है कि आनंद विहार और नई दिल्ली स्टेशन से भागलपुर रेलखंड की कोई भी ट्रेन निर्धारित समय पर नहीं खुल रही है। 6 से 12 घंटे तक ट्रेन खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है।

गुरुवार को भागलपुर में ट्रेनों की स्थिति ऐसी रही

डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस 30 घंटे विलंब

अप विक्रमशिला एक्सप्रेस 9:15 घंटे विलंब

अप अमरनाथ एक्सप्रेस 20 घंटे विलंब

डाउन अमरनाथ एक्सप्रेस 24 घंटे विलंब

डाउन फरक्का एक्सप्रेस 18:30 घंटे विलंब

डाउन ब्रह्मपुत्र मेल 8 घंटे लेट

शुक्रवार को भागलपुर में ट्रेनों की स्थिति ऐसी रहेगी

डाउन ब्रह्मपुत्र मेल रद्द रहेगी

अप फरक्का एक्सप्रेस रद्द रहेगी

डाउन फरक्का एक्सप्रेस रद्द रहेगी

डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस 11 घंटे लेट चल रही

प्लेटफॉर्म पर ठंड में यात्री परेशान

ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्री स्टेशन पर भी परेशान हैं। विक्रमशिला एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे कहलगांव निवासी जीके सिंह ने बताया कि वह दिन के 11 बजे से स्टेशन पर हैं। अखबारों में छपी खबर में दो बजे के बाद ट्रेन खुलने की संभावना जतायी गई थी, लेकिन पूछताछ केन्द्र से 11 बजे बताया गया कि 4 बजे के बाद खुलेगी। कुछ देर के बाद यह सूचना मिली कि रात 8 बजे के बाद खुलेगी। प्रतीक्षालय में बैठे अमरपुर के रहने वाले मनोज पंडित ने बताया कि उनका रिजर्वेशन नहीं है। वे लोग सुबह 9:30 बजे ही स्टेशन आ गए थे, लेकिन यहां पहुंचने के बाद पता चला कि ट्रेन काफी विलंब से खुलेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *