नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र के राजमार्ग 31 पर जीरो माइल चौक के एक चाय पान के दुकान के पास इंडिका पर सवार हो कर आये चार अज्ञात अपराधियों ने तेतरी पंचायत के पूर्व मुखिया व भाजपा के जिला उपाध्यक्ष श्रीपुर निवासी पुलकित सिंह के भाई दरोगी सिंह को गोलियों से भून डाला है.
Total Downloads: 78
दरोगी सिंह की मौत मौके पर ही हो गयी जबकि गोली बारी में खरीक थाना क्षेत्र के लोकमानपुर गांव के एक मैजिक चालक छोटू कुमार को भी पैर में गोली लग गयी है. स्थानीय लोगों ने युवक को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा जहां से प्राथमिक उपचार के बाद से जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर किया गया है. घटना के बाद मौके पर पहुंचे नवगछिया के एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन, नवगछिया के थानाध्यक्ष संजय कुमार सुधांशु ने घटना स्थल पर लोगों से घटना की जानकारी ली. देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया. जहां देर रात शव का पोस्टमार्टम शुरू कर दिया गया था. देर रात ही नवगछिया भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल और जदयू जिलाध्यक्ष चंदेश्वरी प्रसाद सिंह निषाद ने नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच कर घटना की जानकारी ली है और नवगछिया में पुलिसिंग की व्यवस्था पर सवाल भी उठाये. मिली जानकारी के अनुसार रात्रि करीब साढे आठ बजे दरोगी सिंह का बालू लदा हइवा जीरो माइल चौक पर आया था.


दरोगी एक चाय पान की दुकान के पास खडे हो कर हिसाब कर रहा था. इसी क्रम में बिहपुर की ओर से आये एक इंडिका कार एका एक रुकी और इंडिका से चार अपराधी उतरे. जब तक लोग कुछ समझ पाते अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी.फायरिंग शुरू होते ही दरोगी दुकान के पीछे भागने लगा. अपराधियों ने खदेड़ कर दरोगी का पीछा किया और दुकान के पीछे जा कर आठ गोलियां दरोगी को दाग दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. स्थानीय लोगों ने कहा कि अपराधियों ने करीब 12 से 15 चक्र गोलियां चलायी. जब अपराधियों को यह आभास हो गया कि दरोगी मार चुका है तब जा कर चारो अपराधी अलग अलग दिशा में भाग गये.
स्थानीय लोगों के अनुसार इंडिका कार भागलपुर की ओर चली गयी. घटना का स्पष्ट कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. दरोगी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. आशंका व्यक्त की जा रही है कि जलकर पर कब्जे को लेकर दो अपराधिक गुटों के बीच शुरू हुए होड़ में दरोगी को दूसरे गुट के अपराधियों ने अपना शिकार बनाया है. देर रात तक छ: थानों की पुलिस के साथ नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में डंटे हुए थे.
कहते हैं एसपी
नवगछिया के एसपी पंकज सिंहा ने कहा कि घटना का स्पष्ट कारण अभी तक पता नहीं चल सका है. पुलिस छान बीन में जुट गयी है. परिजनों से भी बात की जा रही है. मृतक का आपराधिक इतिहास होने की बात भी सामने आ रही है.
