भ्रमरपुर सिद्धपीठ मणिद्वीप में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन, ढोल-नगाड़ों पर झूमते भक्तों ने दी विदाई
नारायणपुर। प्रखंड के भ्रमरपुर गांव स्थित सिद्धपीठ मणिद्वीप श्री दुर्गा देवी मंदिर में बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। मंगलवार को नवमी पड़ने के कारण श्रद्धालुओं ने उस दिन प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया था। इसके बाद बुधवार को पूरे धार्मिक उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा को विदाई दी गई।
Total Downloads: 435
विसर्जन के दौरान श्रद्धालु मां दुर्गा की प्रतिमाओं को लेकर मंदिर परिसर स्थित पोखर पहुंचे। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भक्त नाचते-गाते और गुलाल उड़ाते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। विसर्जन स्थल पर रंग-बिरंगी लाइटों की सजावट की गई थी, जिससे पोखर परिसर आकर्षक दिखाई दे रहा था।
मंगलवार को विसर्जन नहीं करने की है मान्यता
विसर्जन के लिए जा रही एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि नवमी के बाद मंगलवार पड़ने के कारण उन्होंने उस दिन प्रतिमा का विसर्जन नहीं किया। उनकी मान्यता के अनुसार, मंगलवार को स्थापित प्रतिमा को हटाया नहीं जाता है। इसी धार्मिक विश्वास के कारण बुधवार को विसर्जन करने का निर्णय लिया गया।

श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और पारंपरिक रस्मों के साथ मां दुर्गा को विदाई दी। इस दौरान भक्तों में उत्साह के साथ मां से अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना करने का भाव भी दिखाई दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ विसर्जन
विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान नारायणपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुप्रभात कुमार समेत सैकड़ों पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया।
भ्रमरपुर का सिद्धपीठ मणिद्वीप दुर्गा मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की धार्मिक परंपराओं और पूजा-अर्चना में बड़ी संख्या में भक्त भाग लेते हैं। बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ ही दुर्गा पूजा उत्सव का समापन हुआ।
