बिहार में लड़के को पकड़कर जबर्दस्ती उसकी शादी कराने के कई मामले देखने को मिलते हैं लेकिन बीते तीन दिसंबर को एक एेसी ही शादी का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें जूनियर इंजीनियर युवक को मारपीट जबरन शादी कराई जा रही है। लड़का जोर-जोर से रो रहा है लेकिन वधू पक्ष के लोग उसे पकड़कर शादी की सारी रस्में करवा रहे हैं और फिर लाख मना करने के बाद भी उसकी शादी करा दी गई है।
Total Downloads: 113
वायरल वीडियो में युवक के साथ मारपीट कर जबरन शादी कराने की घटना साफ दिख रही है। वीडियो में युवक को जबरन मंडप में बैठाया जा रहा है और शादी के समय दूल्हा बना युवक फूट-फूट कर रो रहा है, लेकिन वधू पक्ष के लोग कह रहे हैं कि अब तो शादी हो गई तुम्हें लड़की के साथ बांध दिया। तुम नहीं जानते कि एक लड़की का तुमने कल्याण किया है।
जिस युवक की जबरन शादी या बिहारी भाषा में पकड़ुआ विवाह हो रहा है, उसका नाम विनोद कुमार है। विनोद कुमार पटना जिले के खुसरूपुर का रहने वाला है और भारत सरकार के उपक्रम बोकारो स्टील प्लांट में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।

वह हटिया एक्सप्रेस से पटना आया था और यहां अपने दोस्त की शादी में शामिल होने नालंदा के इस्लामपुर पहुंचा था। इसके बाद वह अपने रिश्ते के भाई प्रभाकर कुमार उर्फ गुड्डु के साथ बारात में जाने के लिए निकला।जहां उसे सुरेंद्र यादव ने किसी काम के लिए बुलाया तो वह मोकामा स्टेशन पहुंचा।
वहां सुरेंद्र यादव ने विनोद को अपने घर चलने को कहा तो वह राजी हो गया। लेकिन जब वह घर पहुंचा तो हथियार के बल पर बंधक बना लिया और जबरन विनोद की शादी करा दी। विनोद ने जब विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गयी।
शादी के बाद लड़की के रिश्ते के बहनोई के फोन से विनोद ने अपने परिजनों को पूरी बात बता दी तो परिजन पुलिस के साथ पहुंचे लेकिन पुलिस वापस चली गई। इसके बाद विनोद के परिजनों के दुबारा दबाब देने पर पुलिस पहुंची और उसे लेकर थाने आयी, लेकिन लोगों ने मामला दर्ज नहीं करने दिया। इस संबंध में पीड़ित युवक ने एसएसपी मनु महाराज को लिखित शिकायत दी है।
उसने शिकायत करते हुए यह आरोप लगाया है कि पंडारक पुलिस ने उसका सहयोग नहीं किया और न ही जबरन शादी करवाने वालों पर कोई कार्रवाई की। एसएसपी ने पूरे मामले की जांच करने का जिम्मा बाढ़ के डीएसपी मनोज कुमार तिवारी को दिया है।
जांच कर रहे बाढ़ डीएसपी मनोज कुमार तिवारी का कहना है कि पुलिस ने ही उसे वहां से छुड़ाया और थाने लेकर आयी और उसे उसके मौसा के हवाले कर दिया था। लेकिन उनकी ओर से अभी तक किसी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं मिला है। अगर उनकी ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

