छठ पर नवगछिया को रेलवे की सौगात, खातीपुरा-कामाख्या स्पेशल ट्रेन का होगा ठहराव; पांच-पांच फेरे लगाएगी ट्रेन
नवगछिया। छठ महापर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने खातीपुरा और कामाख्या के बीच छठ पर्व स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 09711 और 09712 का ठहराव नवगछिया स्टेशन पर भी होगा। इससे प्रवासी मजदूरों, छात्रों और छठ व्रतियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
Total Downloads: 456
शुक्रवार को नवगछिया पहुंचेगी खातीपुरा-कामाख्या स्पेशल
ट्रेन संख्या 09711 खातीपुरा-कामाख्या स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 9:15 बजे नवगछिया स्टेशन पहुंचेगी। इसका परिचालन 29 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक कुल पांच फेरों के लिए निर्धारित किया गया है। यह ट्रेन खातीपुरा (जयपुर), टूंडला, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना जंक्शन और न्यू जलपाईगुड़ी सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर कामाख्या पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 09712 कामाख्या-खातीपुरा स्पेशल प्रत्येक शनिवार को शाम 7:30 बजे नवगछिया स्टेशन पहुंचेगी। इसका परिचालन 31 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक कुल पांच फेरों के लिए किया जाएगा।

प्रवासी यात्रियों को मिलेगी राहत
छठ महापर्व के दौरान बिहार आने और पर्व के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में इस विशेष ट्रेन के परिचालन और नवगछिया स्टेशन पर ठहराव से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। खासकर दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों, पढ़ाई करने वाले छात्रों और श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
नवगछिया स्टेशन के रेलवे सलाहकार सदस्य मुकेश राणा ने विशेष ट्रेन के परिचालन और नवगछिया में ठहराव की घोषणा पर प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
