नवगछिया: बिहार के कई जिलों में सक्रिय अपराधी गिरोहों का आतंक लोगों के सिर चढ़कर बोलता है. अपराध के नशे में चूर अपराधी कानून व्यवस्था को धता तो बताते हैं आम आवाम पर भी खौफ कायम कर देते हैं. हालांकि ऐसे कुख्यात अपराधी जब पुलिस के हत्थे चढ़ते हैं तो पुलिस भी कोई कसर नहीं छोड़ती है उनके आतंक को नेस्तनाबूद करने में. बिहार के नवगछिया पुलिस जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया है जब पुलिस ने अपराधी की न सिर्फ बारात निकाली बल्कि उसके आतंक को भी ध्वस्त कर दिया.

खौफ मिटाने के लिए पुलिस ने मंगवाई माफी

नवगछिया भागलपुर दियारा इलाके में कमांडो यादव गिरोह का आतंक लोगों के सिर चढ़कर बोलता था. कमांडो यादव का खौफ इतना था कि उसके बारे में कोई सूचना पुलिस को भी नहीं मिल पाती थी. दियारा के साथ-साथ नवगछिया बाजार इलाके में भी उसका आतंक पसरा हुआ था. एसटीएफ की टीम ने जब कमांडो यादव को गिरफ्तार किया तो इसे बड़ी सफलता मानी गई. 20 से अधिक मामले में फरार कमांडो यादव ने इलाके में दहशत का माहौल कायम कर रखा था. एसटीएफ की टीम ने जब उसे गिरफ्तार किया तो नवगछिया के प्रभारी एसपी सुधीर सिंह सक्रिय हुए. उस अपराधी को लेकर उन तमाम दुकानों और सार्वजनिक जगहों पर गए जहां कमांडो यादव का आतंक लोगों के सिर चढ़कर बोलता था. व्यवसाइयों से भी कमांडो से माफी मंगवाई गई जिन्हें उसने प्रताड़ित किया था.

रंगदारी के लिए किसी को भी प्रताड़ित और परेशान करने वाला कमांडो यादव इन दुकानदारों के पैरों में गिर कर माफी मांग रहा था. जानकारों की माने तो कमांडो यादव का खौफ मिटाने के लिए ही पुलिस ने उसे उन तमाम लोगों के पास ले जाकर माफी मंगवाया जहां के लोगों को उसने प्रताड़ित किया था.

हाथ जोड़कर बोलता रहा कमांडो मुझे माफ कर दीजिए

नवगछिया पुलिस कमांडो यादव को लेकर घूम रही थी और वह हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगता रहा. हथियारों के बल पर साम्राज्य कायम करने वाला कमांडो हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता नजर आ रहा था. हर किसी से माफी मांग रहा कमांडो यादव अपने गुनाहों के लिए लोगों से माफी की अपील कर रहा था.

एसटीएफ ने किया था गिरफ्तार

एसटीएफ आईजी को सूचना मिली थी कि नवगछिया भागलपुर दियारा इलाके में कमांडो यादव का आतंक लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. इसी सूचना के बाद आईजी ऑपरेशन कुंदन कृष्णन ने टीम को कार्रवाई के लिए भेजा. कुंदन कृष्णन के निर्देश पर एसपी रंजीत मिश्रा के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम पिछले तीन दिनों से इलाके में कैम्प कर रही थी. कड़ी मेहनत के बाद 50 हजार का इनामी अपराधी कमांडो यादव गिरफ्तार किया गया.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *