index

Whatsapp group Join

भागलपुर :  छोटे पर्दे से बड़े पर्दे पर पहुंचे फिल्म अभिनेता गुरमीत चौधरी व उनकी अभिनेत्री पत्नी देवीना बनर्जी जल्द ही दो अनाथ बच्चियों को गोद लेंगे। पुलिस जिला नवगछिया के बिहपुर प्रखंड के जयरामपुर निवासी गुरमीत चौधरी अपने गांव की ही दो बच्चियों को गोद लेंगे। उनके नाम पूजा व लता हैं। सात अप्रैल के बाद गुरमीत कभी भी अपने गांव पहुंचकर इन बच्चियों को गोद ले सकते हैं।

गोद लेने की बात सही : सीताराम चौधरी
गुरमीत के पिता सीताराम चौधरी जो फौज से रिटायर्ड होकर फिलहाल पूर्णिया डीआइजी हेडक्‍वार्टर में काम कर रहे हैं व शिक्षिका मां अनमोल चौधरी ने कहा कि दो अनाथ बच्चियों को गोद लेने की बात सही है। लेकिन बच्ची कहां है और गुरमीत कब गोद लेंगे, इसकी विस्तृत जानकारी उन्हें भी नहीं है। उन्होंने कहा कि गुरमीत फिलहाल अपनी फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त है। सात अप्रैल को उसकी फिल्म लाली की शादी में लाडो दीवाना सिनेमा घरों में आ रही है। सात अप्रैल के बाद ही गुरमीत गांव आ सकता है, जैसे ही बच्चियों को गोद लेने की तिथि तय होगी सबसे पहले आपको इसकी जानकारी दी जाएगी।

गोद लेने की खबर से गांव वाले उत्साहित
बच्चियों को गोद लेने की खबर से गांव वाले भी उत्साहित हैं। ग्रामीण सह पूर्व प्रमुख अजय कुमार चौधरी ने कहा कि पता चला है कि गुरमीत व देवीना गांव की दो बच्चियों को गोद लेंगे। लेकिन किस बच्चे को और कब गोद लेंंगे इसकी जानकारी गांव में अब तक किसी को नहीं है। चर्चा है कि गुरमीत गांव की ही दो अनाथ बच्ची पूजा व लता को गोद लेंगे। लेकिन बच्चियों के पिता का नाम उजागर नहीं होने से यह पता नहीं चल रहा है कि पूजा व लता किसकी बच्ची है।

रामायण सीरियल से गुरमीत ने की थी अभिनय की शुरुआत
छोटे पर्दे पर रवि सागर के निर्देशन में रामायण सीरियल से गुरमीत ने अपने अभिनय की शुरुआत की थी। इसमें गुरमीत ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भूमिका अदा की थी। जनकनंदनी सीता की भूमिका में अभिनेत्री देवीना बनर्जी थीं। अब गुरमीत चौधरी और देवीना बनर्जी पति-पत्नी हैं। इसके अलावा गुरमीत ने अन्य कई धारावाहिकों में भी किरदार निभाकर सुर्खियां बटोरीं। फिर गुरमीत ने बॉलीवुड में इंट्री मारी। गुरमीत की दो फिल्में खामोशियां व वजह तुम हो बड़े पर्दे पर धमाल मचा चुकी हैं। सात अप्रैल को ‘लाली की शादी में लाडो दीवाना फिल्म आ रही है। इसमें गुरमीत के साथ अक्षरा हसन हैं। इस फिल्म के टीजर व ट्रेलर को यूट्यूब पर लाखों लोग देख चुके हैं।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *