गोपालपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता  के विभिन्न ठिकानों पर बुधवार को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। यह अभियान पटना, भागलपुर, नोएडा, नई दिल्ली और नवगछिया समेत कुल छह ठिकानों पर चलाया गया।

सैदपुर स्थित पैतृक आवास की हुई तलाशी

गोपालपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर स्थित पैतृक आवास पर पहुंची ईओयू की टीम ने कई घंटों तक जांच-पड़ताल की। अधिकारियों ने घर के तीन से चार कमरों की बारीकी से तलाशी ली और परिजनों से पूछताछ की। साथ ही आवास की फोटोग्राफी कर उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की गई।

सूत्रों के अनुसार सैदपुर स्थित आवास से कोई बड़ी बरामदगी नहीं हुई, लेकिन जांच टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की।

भागलपुर के आनंदगढ़ कॉलोनी स्थित आवास पर भी पहुंची टीम

ईओयू की एक अन्य टीम सुबह भागलपुर शहर के आनंदगढ़ कॉलोनी स्थित आवास पर भी पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार चार वाहनों से पहुंचे अधिकारियों ने घर के विभिन्न हिस्सों की तलाशी ली। इस दौरान आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई और आवश्यक जानकारी जुटाई गई।

बैंक खातों और निवेश संबंधी दस्तावेज जब्त

छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने बैंक खातों, निवेश, चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर संपत्तियों के स्रोत और निवेश के तरीकों की विस्तृत जांच की जाएगी।

3.89 करोड़ रुपये की संदिग्ध संपत्ति का दावा

ईओयू सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पवन कुमार द्वारा अपनी ज्ञात वैध आय से लगभग 103.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसी ने करीब 3.89 करोड़ रुपये की संदिग्ध संपत्ति का आकलन किया है। हालांकि अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही सामने आएगा।

आगे होगी कानूनी कार्रवाई

ईओयू अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। छापेमारी के दौरान मिले साक्ष्यों और दस्तावेजों की समीक्षा की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद विभागीय और प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....