नवगछिया: नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान एक संदिग्ध चोर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और घेराबंदी के चलते उसका भागने का प्रयास सफल नहीं हो सका और करीब 10 मिनट के भीतर उसे दोबारा पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार, नवगछिया थाना क्षेत्र के मिल टोला में साइकिल चोरी के आरोप में स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान युवक ने कुछ चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की थी। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और आवश्यक मेडिकल जांच के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंची।

मेडिकल जांच की प्रक्रिया के दौरान युवक अचानक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल परिसर से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी और संभावित ठिकानों पर घेराबंदी कर दी।

भागते हुए युवक अस्पताल परिसर स्थित चिकित्सक आवास क्षेत्र में पहुंच गया, जहां आगे निकलने का कोई रास्ता नहीं था। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पूरे इलाके को घेर लिया और करीब 10 मिनट के भीतर उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित हिरासत में ले लिया गया।

नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि मेडिकल जांच के दौरान युवक ने भागने का प्रयास किया था, लेकिन वह अस्पताल परिसर से बाहर नहीं निकल सका। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उसे दोबारा पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद कुछ समय तक अस्पताल परिसर में हलचल बनी रही, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण संदिग्ध की फरारी की कोशिश नाकाम हो गई।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....