नवगछिया। शहर के हरिमहाराज ठाकुरबाड़ी में झूलनोत्सव को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। भगवान श्रीराधा-कृष्ण के आकर्षक शृंगार और भव्य झूले के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शाम होते ही मंदिर परिसर भक्तों की आवाजाही से गुलजार हो जा रहा है।
Total Downloads: 189
झूलनोत्सव के दौरान मंदिर कमिटी की पिंकी शर्मा और मीनू शर्मा, सपना शर्मा ने जब भक्ति गीत और भजनों की प्रस्तुति दी तो पूरा मंदिर परिसर राधामय हो गया। उनके मधुर भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। भजनों के दौरान मंदिर परिसर में जय श्रीराधे और जय श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे।
भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराधा-कृष्ण के झूले के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजे झूले पर विराजमान राधा-कृष्ण की मनमोहक छवि श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

मंदिर कमिटी की ओर से रवि शर्मा ने कहा झूलनोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। शाम के समय मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन होने से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे उत्साह के साथ झूलनोत्सव में शामिल हो रहे हैं।
स्थानीय श्रद्धालुओं ने कहा कि हरिमहाराज ठाकुरबाड़ी का झूलनोत्सव धार्मिक आस्था और भक्ति का अनूठा संगम है। भजनों और भगवान के मनमोहक शृंगार से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति हो रही है।
