गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्कता बढ़ी, इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध का निरीक्षण

नवगछिया: संभावित बाढ़ और कटाव के खतरे को देखते हुए फ्लड फाइटिंग फोर्स के अध्यक्ष इंजीनियर अख्तर जमील ने शनिवार को इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तटबंध की सुरक्षा व्यवस्था और कटाव निरोधी कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान इंजीनियर अख्तर जमील ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंताओं को निर्देश दिया कि नदी के जलस्तर में वृद्धि होने पर तटबंध की लगातार प्रोबिंग कराई जाए, ताकि किसी भी कमजोर स्थान की समय रहते पहचान की जा सके। उन्होंने बाढ़ के दौरान संवेदनशील स्थलों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा रात्रि में विशेष चौकसी बरतने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने फ्लड फाइटिंग के लिए आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। इस दौरान उन्होंने मुख्य अभियंता इंजीनियर जयप्रकाश पासवान से तटबंध पर चल रहे कटाव निरोधी कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि मानसून के मद्देनजर तटबंधों की सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि बाढ़ एवं कटाव से प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित रखा जा सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....