विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास बने वैकल्पिक पुल का अंतिम ट्रायल आज, डीएम ने किया निरीक्षण
नवगछिया/भागलपुर: विक्रमशिला सेतु के समीप गंगा नदी पर तैयार किए जा रहे बेली ब्रिज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासन ने रविवार से पुल को आम लोगों के आवागमन के लिए शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने निर्माणाधीन पुल, पहुंच पथ, सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस पिकेट और नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि बेली ब्रिज का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष तकनीकी कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है। शनिवार शाम पुल का अंतिम ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल के दौरान मिले सुझावों और आवश्यक सुधारों को तुरंत पूरा कर पुल को आम जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।
पुल के संचालन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुल के समीप पुलिस पिकेट और नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। यहां तैनात कर्मियों के लिए पंखा, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि सीमा सड़क संगठन (BRO) के अभियंता और तकनीकी टीम शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने में जुटी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुल शुरू होने के बाद लोगों को लंबे समय से हो रही आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।

