नवगछिया : नवगछिया में चौथे दिन भी राष्ट्रीय राजमार्ग विक्रमशिला सेतु पथ और विक्रमशिला सेतु पर दिन भर जाम लगा रहा. बेवजह लग रहे जाम से अब नवगछिया के लोग पूरी तरह से आजिज हो गए है. जाम के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है तो दूसरी तरफ दूरदराज के यात्री जाम के दौरान हांफते नजर आ रहे हैं. अब जाम में मोटरसाइकिल चालक भी फंस रहे हैं. सोमवार को भी नवगछिया से भागलपुर जाने में कम से कम 3 घंटे का समय लग रहा था तो दूसरी तरफ नवगछिया से चंद किलोमीटर की दूरी पर अगर कोई अपना गांव जाना चाहता है तो वैसे लोगों को भी 10 मिनट का रास्ता 1 घंटे में तय करना पड़ रहा था.

दूसरी तरफ प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा जाम के निदान के लिए किया जाने वाला सारा प्रयास निरर्थक सिद्ध हुआ है. सिर्फ राजमार्ग पर ही नहीं बल्कि नवगछिया की शाखा सड़कों पर भी सोमवार को जाम देखा गया. खासकर तेतरी दुर्गा स्थान के पास देर रात से ही जाम लगा था जो कि सुबह तक भी सामान्य नहीं हो पाया. रविवार को देर रात जाम में कई बाराती वाहन थक गए थे.

कई दूल्हों को मोटरसाइकिल से लड़की वालों के घर तक पहुंचाया गया और बारातियों को भी मोटरसाइकिल से ही लड़की वाले के घर तक पहुंचाया गया. नवगछिया के स्थानीय लोगों जमुनिया निवासी आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि पिछले 5 वर्षों से विक्रमशिला सेतु और पथ पर जाम की स्थिति बन रही है लेकिन मौजूदा समय में नवगछिया एनएच 31 और शाखा सड़कों पर भी जाम लगना शुरू हो गया है. यह स्थिति बेहद खतरनाक है और लोगों के लिए जानलेवा भी है. प्रशासनिक पदाधिकारी जाम की समस्या का कोई ठोस निदान निकाले नहीं तो नवगछिया के लोग आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे.

पता नहीं चल रहा है जाम का सटीक कारण

जाम किस कारण से लग रहा है इसका सटीक कारण पता नहीं चल पा रहा है. प्रशासनिक पदाधिकारियों ने बताया कि सब और और कहलगांव के तरफ सड़क जाम रहने के कारण नवगछिया की ओर वाहनों का अत्यधिक परिचालन हो रहा है जिसके कारण यहां जाम लग जा रहा है तो कुछ प्रशासनिक पदाधिकारियों ने यह बताया कि वाहनों का ही अत्यधिक परिचालन हो रहा है जिसके कारण जाम लग जा रहा है.

जाम के कारण लोग परेशान हैं

विगत 4 दिनों से बेवजह लग रहे जाम के कारण छात्र-छात्राएं हैं नवगछिया से भागलपुर क्लास करने जा रहे हैं तो वह इतने विलंब से पहुंच रहे हैं कि उन लोगों का क्लास छूट जा रहा है. दूसरी तरफ रोगियों को लेकर माया गंज जाने वाले नवगछिया अनुमंडल अस्पताल का एंबुलेंस भी नवगछिया से निकलने के बाद मायागंज कब पहुंचेगा यह कहना मुश्किल हो जाता है. एंबुलेंस 1 घंटे का सफर दो से ढाई घंटे में तय करता है इस दौरान रोगी की स्थिति भगवान भरोसे ही रहती है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता प्रभु प्रिंस, अनुज कुमार चौरसिया, जदयू के मीडिया प्रभारी रवि कुमार आदि ने कहा कि वे लोग प्रशासनिक पदाधिकारियों से जाम की समस्या का स्थाई निदान निकालने की मांग करेंगे.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *