नवगछिया: झंडापुर थाना क्षेत्र के झंडापुर गांव में जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद गुरुवार की शाम हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक युवक पर लाठी-डंडे और कुदाल से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान 35 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष के कई लोगों ने मिलकर अमित कुमार पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी रानी देवी भी हमलावरों के निशाने पर आ गईं। मारपीट में उन्हें भी चोटें आई हैं। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडे और कुदाल का इस्तेमाल कर दोनों को घायल कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमित कुमार को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर झंडापुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....