नवगछिया: नवगछिया प्रखंड के खरीक थाना क्षेत्र में सोमवार को जीओ पेट्रोल पंप के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव निवासी सूरज कुमार सिंह के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल सन्नी कुमार, जो उसी गांव का रहने वाला है, की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार सिंह और सन्नी कुमार अपने गांव से बाइक पर सवार होकर रिश्तेदार के घर जमुनिया गए थे। रिश्तेदार से मुलाकात के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान खरीक थाना क्षेत्र में जीओ पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही एक पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज कुमार सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सन्नी कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वहां भी हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे सिलिगुड़ी रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है तथा पिकअप वाहन और उसके चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही दिग्घी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....