नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से कोसी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान और चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है। इसके बावजूद जल संसाधन विभाग ने सतर्कता बढ़ाते हुए तटबंधों की निगरानी तेज कर दी है।

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 509

विभागीय आंकड़ों के अनुसार मदरौनी जलमापी केंद्र पर चेतावनी स्तर 30.48 मीटर निर्धारित है, जबकि शुक्रवार सुबह नदी का जलस्तर 26.34 मीटर दर्ज किया गया। वहीं चोरहर जलमापी केंद्र पर चेतावनी स्तर 30.77 मीटर है, जबकि यहां जलस्तर 27.98 मीटर रिकॉर्ड किया गया।

कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार ने बताया कि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण कोसी नदी में जलप्रवाह बढ़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए कोसी बराज के छह फाटकों को खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्थिति सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने बताया कि विभागीय अभियंताओं और कर्मियों को तटबंधों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं।

जल संसाधन विभाग ने तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार कोसी नदी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी महत्वपूर्ण बदलाव की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....