नवगछिया प्रखंड के सधुआ गांव की बेटी आरती कुमारी ने 70वीं बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 172वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन उप समाहर्ता (SDM) पद के लिए हुआ है। आरती की सफलता से पूरे गांव, क्षेत्र और परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
आरती कुमारी किसान बम बहादुर सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सधुआ गांव स्थित स्टूडेंट कैरियर टीचिंग प्वाइंट से प्राप्त की। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही आरती अपनी कक्षा में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करती थीं। उनकी यह सफलता वर्षों की कठिन मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम मानी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि आरती ने न केवल अपने परिवार का गौरव बढ़ाया है, बल्कि सधुआ गांव और नवगछिया क्षेत्र का नाम भी पूरे बिहार में रोशन किया है। जैसे ही उनकी सफलता की खबर गांव पहुंची, बधाई देने वालों का तांता लग गया और लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।

मुखिया प्रतिनिधि मोती यादव, दिलीप सिंह, रघुवंश सिंह, राज किशोर आर्य, राजेन्द्र पाल, सुमन सिंह, योगेन्द्र यादव तथा समाजसेवी पंकज कुमार भारती सहित अनेक लोगों ने आरती को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
परिजनों के अनुसार, आरती की सफलता में उनके पति अमर कुमार महलदार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अमर कुमार महलदार सेमापुर के निवासी हैं। आरती के चयन की खबर मिलते ही उनके ससुराल में भी जश्न का माहौल बन गया और परिवार के लोगों ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया।
एक साधारण किसान परिवार से निकलकर एसडीएम बनने तक का आरती कुमारी का सफर क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

