नवगछिया: छात्र-छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें कानून संबंधी अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से रंगरा प्रखंड के भवानीपुर स्थित सरकारी मान्यता प्राप्त मॉडर्न वैभव पब्लिक स्कूल में नवगछिया महिला थाना की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बिहार पुलिस के ‘अभया ब्रिगेड’ अभियान के तहत ‘आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर आयोजित किया गया।
Total Downloads: 6
कार्यक्रम का नेतृत्व नवगछिया महिला थाना अध्यक्ष कुमारी नीता ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों और विशेषकर छात्राओं का जागरूक होना बेहद आवश्यक है। यदि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, धमकी, साइबर अपराध, पीछा करने (स्टॉकिंग) या किसी भी तरह की असुरक्षित स्थिति का सामना करना पड़े तो बिना किसी भय या झिझक के तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर कॉल कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करती है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी घटना को छिपाने की बजाय तुरंत इसकी सूचना दें ताकि समय रहते उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर ठगी से बचाव, अजनबियों से सतर्क रहने, बाल अधिकारों तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी भी दी। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सही समय पर सही कदम उठाना सबसे जरूरी है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षाविद विश्वास झा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को सुरक्षा और कानून की जानकारी देना भी बेहद जरूरी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने नवगछिया महिला थाना और अभया ब्रिगेड की टीम का विद्यालय में आकर छात्रों को महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यालय की निदेशक शिखा कुमारी ने भी छात्र-छात्राओं से कहा कि वे किसी भी समस्या को अपने तक सीमित न रखें, बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस से खुलकर साझा करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका विस्तार से जवाब दिया गया। पुलिस टीम ने उन्हें कानून, सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विश्वास झा, निदेशक शिखा कुमारी, आशीष कुमार, महिला थाना की एसआई नीरू कुमारी, कांस्टेबल ममता कुमारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
