नवगछिया : खरीक थाना क्षेत्र के 14 नंबर सड़क पर ध्रुवगंज गांव के पास पेट्रोल पंप पर 24 जून को हुई पंप कर्मी मुकेश साह के हत्याकांड मामले का उद्भेदन खरीक पुलिस ने कर लिया है. हत्याकांड में संलिप्त एक अपराधी खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के एकनियां बिंद टोली निवासी मुकेश महतो को गिरफ्तार कर लिया है. खरीक थाना क्षेत्र के बहत्तरा गांव में ही मुकेश का ननिहाल है.
Total Downloads: 81
पुलिस ने मुकेश के पास से एक ओपो का एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किया है. जानकारी दी गयी है कि उक्त मोबाइल मृतक मुकेश मंडल का था. पुलिस स्तर से हत्याकांड में संलिप्त अन्य तीन लोगों के नाम को भी जगजाहिर कर दिया है. तीनों आरोपी बेगूसराय जिले के सिंगरौल के कमरुद्दीन पुर निवासी शातिर सकलदेव सिंह, खरीक थाना क्षेत्र के बहत्तरा बिंद टोली निवासी जवाहरी महतो के पुत्र नटवर महतो और खगड़िया जिले के मानसी, बलाहा सैदपुर निवासी दिनेश सिंह है. नवगछिया के एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने कहा कि तीनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है. जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पेट्रोल पंप पर रकम लूटने आये थे अपराधी, कर्मी ने किया विरोध तो कर दी हत्या
पुलिस अनुसंधान में बात सामने आयी है कि अपराधी लूट के मकसद से आये थे. नवगछिया के एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने कहा कि कर्मी मुकेश ने जब विरोध किया तो अपराधियों ने उसकी गोली मार कर हत्या कर दी. अनुसंधान में बात सामने आयी है कि जैसे ही अपराधियों ने कर्मी मुकेश से पैसे और अलमारी की चाभी की मांग की तो मुकेश ने अपराधियों को पांच हजार रुपये दे दिये. इसके बाद अपराधी मुकेश से अलमारी की चाभी मांगने लगे तो उसने विरोध कर दिया. अपराधियों ने अलमारी खोलने का भी प्रयास किया. इधर मुकेश के लगातार विरोध कर रहा था. जिस पर अपराधियों ने मुकेश को गोली मार दी और फायर करते हुए भाग गए.

