नारायणपुर में घर में घुसकर सो रही किशोरी पर चाकू से हमला, नकाबपोश आरोपी फरार
नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के भ्रमरपुर गांव में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां घर में सो रही एक किशोरी पर नकाबपोश युवक ने घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में किशोरी घायल हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Total Downloads: 102
गहरी नींद में सो रही थी किशोरी
घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के भ्रमरपुर गांव की है। घायल किशोरी लवली कुमारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उसका भाई आयुष बाथरूम गया था। तभी एक नकाबपोश युवक मुख्य गेट खोलकर कमरे में घुस आया।
किशोरी के अनुसार हमलावर ने पहले उसका गला दबाने की कोशिश की, फिर नाखून से हमला किया और बाद में चाकू से वार कर दिया। चाकू उसके गाल पर लगते ही उसकी नींद खुल गई और उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनते ही आरोपी मौके से भाग निकला।

चेहरा ढका होने से नहीं हो सकी पहचान
पीड़िता ने बताया कि हमलावर ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे और चेहरे पर गमछा बांध रखा था। इसी वजह से वह उसकी पहचान नहीं कर सकी। घटना के बाद परिवार के लोग कमरे में पहुंचे और घायल किशोरी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस कर रही जांच
घायल किशोरी के पिता संतोष कुमार मंडल ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि घटना से पहले आरोपी पड़ोस में स्थित उनके भाई मंटू मंडल के मकान के पास देखा गया था। सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर में भर्ती कराया।
भवानीपुर थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और साक्ष्य जुटाने में लगी है।
