नवगछिया: साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक क्रेडिट कार्ड धारक को अपना शिकार बनाया। ‘इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन एक्टिवेशन’ बंद कराने और सालाना 5,000 रुपये अतिरिक्त शुल्क से बचाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 98,976 रुपये उड़ा लिए। मामले की शिकायत नवगछिया साइबर थाना में दर्ज कराई गई है।

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र के सहौड़ी निवासी मुकेश कुमार (34) के मोबाइल पर 30 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को SBI का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनका क्रेडिट कार्ड गलती से इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन के लिए एक्टिव हो गया है। उसने दावा किया कि यदि यह सुविधा बंद नहीं कराई गई तो हर वर्ष 5,000 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।

ठग की बातों में आकर मुकेश कुमार ने सुविधा बंद कराने की सहमति दे दी। इसके बाद आरोपी ने उनके रजिस्टर्ड ईमेल पर एक लिंक भेजा और उसे खोलकर प्रक्रिया पूरी करने को कहा। लिंक खोलने के बाद मोबाइल पर आए OTP को भी कॉलर ने साझा करने के लिए कहा। जैसे ही पीड़ित ने OTP बताया, कुछ ही मिनटों में उनके क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 98,976 रुपये निकाल लिए गए।

मोबाइल पर पैसे कटने का संदेश मिलने के बाद मुकेश कुमार को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जहां उन्हें शिकायत संख्या 20507260045259 जारी की गई। इसके बाद उन्होंने नवगछिया साइबर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

नवगछिया साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस तकनीकी सेल की मदद से ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या OTP साझा करने से पहले पूरी तरह सतर्क रहें, क्योंकि बैंक कभी भी फोन या संदेश के माध्यम से OTP या गोपनीय जानकारी नहीं मांगते।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....