नारायणपुर। नवगछिया पुलिस जिला के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मधुरापुर बाजार में शनिवार सुबह एक महिला का शव घर की छत पर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान किरण साह (57 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शिवनारायण साह की पत्नी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद नवगछिया के एसडीपीओ अनिकेत अमर भी एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। एफएसएल टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

परिजनों के अनुसार, शिवनारायण साह घर के बेसमेंट में किराना दुकान चलाते हैं। शनिवार सुबह करीब नौ बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का टेबल अपनी जगह पर नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी खुशी कुमारी को छत पर देखने के लिए भेजा। पहली मंजिल की सीढ़ियों के पास पहुंचते ही खुशी ने अपनी मां का शव छत के लिंटर से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ देखा।

पति ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी गूंगी-बहरी थीं और छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थीं। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एसडीपीओ अनिकेत अमर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *