प्रतीकात्मक तस्वीर

नवगछिया में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार ठगों ने स्मार्ट मीटर अपडेट कराने के नाम पर एक महिला के बैंक खाते से करीब दो लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ नवगछिया साइबर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

📞 फोन कॉल से शुरू हुआ पूरा खेल

मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर निवासी प्रेमलता कुमारी (36 वर्ष) का है, जो वर्तमान में नवगछिया हाई स्कूल के पास किराये के मकान में रहती हैं। पीड़िता के अनुसार 5 जून 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया।

कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनके घर में लगाया गया स्मार्ट मीटर अपडेट करना जरूरी है, वरना बिजली सेवा बाधित हो सकती है। इसी झांसे में लेकर ठग ने महिला को फंसा लिया।

📲 व्हाट्सएप लिंक और वीडियो कॉल से ठगी

इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर उसे क्लिक करने को कहा। साथ ही 19 रुपये का एक छोटा रिचार्ज करने के लिए कहा गया। जब महिला को प्रक्रिया समझ में नहीं आई तो ठग ने वीडियो कॉल के जरिए मदद करने का नाटक किया और उसे लगातार निर्देश देता रहा।

कुछ ही देर बाद महिला के बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में पैसे निकाल लिए गए—

  • ₹99,984
  • ₹4,900
  • ₹95,000

इस तरह कुल ₹1,99,884 रुपये की साइबर ठगी हो गई।

🚨 1930 पर शिकायत, पुलिस जांच शुरू

ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसकी शिकायत संख्या 30506260069420 बताई गई है। इसके बाद उन्होंने नवगछिया साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पैसे वापस दिलाने की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

⚠️ पुलिस की अपील

साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और बिजली बिल, स्मार्ट मीटर या KYC अपडेट के नाम पर आने वाले कॉल से सतर्क रहें। बैंक डिटेल्स, OTP या कोई भी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....