अधिकारियों को कड़ी चेतावनी

नवगछिया: नवगछिया पुलिस जिला के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा मंगलवार को पूरे दिन एक्शन मोड में नजर आए। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर लगे भीषण ट्रैफिक जाम की सूचना मिलने के बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने का निर्देश दिया। इसके बाद एसपी ने रंगरा थाना का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था, लंबित मामलों की समीक्षा और सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया।

एनएच-31 पर कई किलोमीटर लंबे जाम के कारण आम यात्रियों, स्कूली वाहनों और एंबुलेंसों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति का जायजा लेने के बाद एसपी ने अधिकारियों को खराब वाहनों को तत्काल क्रेन की मदद से हटाने, वैकल्पिक लेन चालू करने और यातायात को सामान्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आम लोगों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।

इसके बाद एसपी वैभव शर्मा रंगरा थाना पहुंचे, जहां उन्होंने थाना परिसर, बैरक, हाजत, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष और साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों, केस डायरी और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पाया कि कुछ मामलों के अनुसंधान की गति संतोषजनक नहीं है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लंबित मामलों का निष्पादन करने और साक्ष्य संकलन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने कहा कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर अपराधियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

थाना निरीक्षण के बाद एसपी ने रंगरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-31 पर स्थित अंतर-जिला एवं सीमावर्ती चेक पोस्टों का भी सुरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चौबीसों घंटे सघन जांच की जाए। साथ ही शराब तस्करी, आपराधिक गतिविधियों और अन्य अवैध कार्यों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित रात्रि गश्ती और विशेष जांच अभियान चलाए जाएं।

इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिकेत अमर, ट्रैफिक डीएसपी अनिल पासवान, साइबर डीएसपी अभिषेक, रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

एसपी के इस निरीक्षण और सड़क पर उतरकर की गई कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....