नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने मद्य निषेध अधिनियम के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला शराब तस्कर सुग्गी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार महिला नवगछिया थाना क्षेत्र के नोनियापट्टी की रहने वाली है और नवगछिया थाना कांड संख्या 419/24 में वांछित थी।

पुलिस के अनुसार, 8 दिसंबर 2024 को गुप्त सूचना के आधार पर जेल में बंद शराब तस्कर घुटरना ऋषिदेव के घर छापेमारी की गई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वहां से 35 लीटर विदेशी शराब बरामद की थी। बरामदगी के बाद बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें सुग्गी देवी भी नामजद थी। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रही थी।

नवगछिया पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार महिला का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके विरुद्ध नवगछिया थाना में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कुल 12 मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 से 2025 के बीच दर्ज इन मामलों में अवैध शराब की तस्करी और बरामदगी से जुड़े कई कांड शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला लगातार शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी रही है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....