नवगछिया। नेपाल के ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार की नदियों के जलस्तर पर दिखाई देने लगा है। कोसी और गंडक समेत कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके चलते नवगछिया के तीनटंगा और बिंदटोली क्षेत्र के लोगों में एक बार फिर बाढ़ को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Total Downloads: 330
जलस्तर में हो रहे बदलाव को लेकर जल संसाधन विभाग के एसडीओ नयन कुमार से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि पहले नदियों का जलस्तर प्रतिदिन करीब 20 सेंटीमीटर की दर से घट रहा था, लेकिन अब जलस्तर घटने की प्रक्रिया की रफ्तार कम हो गई है और फिलहाल इसमें ठहराव की स्थिति बनी हुई है।
5 से 10 सेंटीमीटर तक हो सकता है बदलाव
एसडीओ नयन कुमार के अनुसार, बिंदटोली और तीनटंगा क्षेत्र में जलस्तर में अधिकतम 5 से 10 सेंटीमीटर तक का बदलाव हो सकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से स्थिति को लेकर घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है।

जल संसाधन विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। विभाग के अनुसार नदी के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति की निगरानी की जा रही है। किसी भी तरह के महत्वपूर्ण बदलाव की स्थिति में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
