नवगछिया नया टोला वारदात, फेरी का काम करने वाले मो नसीम को दारूबाजों ने मारी गोली
भागलपुर के जेएलएनएमसीएच में चल रहा है नसीम का इलाज
📲 Download Naugachia News AppTotal Downloads: 319
Total Downloads: 319
नवगछिया थाने में दर्ज की गयी प्राथमिकी, दो गिरफ्तार
नवगछिया : नवगछिया नया टोला वार्ड नंबर 22 में अपराधियों ने शनिवार को देर रात फेरी का काम करने वाले मो नसीम को गोली मार कर और चाकू से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है. घटना के बाद गंभीर रूप से घायल नसीम को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया और बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर के जेएलएनएमसीएच मायागंज रेफर कर दिया गया.
रविवार को खबर लिखे जाने तक जख्मी मो नसीम की हालत खतरे से बाहर थी. उसके कंधे के पास गोली लगी है. घटना का कारण रोज रोज ताड़ी की व्यवस्था करने का विरोध करना बताया जा रहा है. मामले की बाबत नवगछिया थाने में मो नसीम के बयान के आधार पर दो लोगों राजीव कुमार और छोटे लाल चौधरी को नामजद किया गया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है. नसीम का कहना है कि शनिवार को शाम में घर से निकल कर कमड़ा मालिक धमेंद्र से मिलने जा रहा था. रास्ते में नया टोला के उत्तर के चाय नाश्ते की दुकान पर रूक गया और वहां पहले का बकाया पैसा देने लगा.

इतने में ही मुहल्ले के ही राजीव कुमार ने उसे ताड़ी लाकर पिलाने को कहा. नसीम का कहना है कि उसने कहा कि उसे आज कमाई नहीं के बराबर हुई है इसलिए वह कहां से लायेगा. इसके बाद उसने 50 रुपया निकाल कर दिया और ताड़ी लाने का कहा. इसके बाद उसने ताड़ी ला कर दिया और पुन: कपड़ा मालिक से मिलने के लिए रवाना हो गया. नसीम ने कहा कि वह रात में फिर वापस लौटा तो उत्तर के चाय और नाश्ते के दुकान के पास ही छोटे लाल चौधरी और राजीव चौधरी ने उसे रोका और 70 रु देते हुए बोला कि ताड़ी और गांजा ले कर आओ. नसीन ने कहा कि उसने फिर ताड़ी ला कर दिया.

ताड़ी ला कर देने के बाद भी दोनों उससे उलझ गये. दोनों ने नसीम से कहने लगे कि कल से प्रतिदिन तुमको ताड़ी का व्यवस्था करना है. नसीन ने कहा कि रोज रोज ताड़ी और गांजा ला कर देने का मैने विरोध किया तो राजीव कुमार ने अपने कमर से हथियार निकाला और छोटे लाल ने चाकू निकाल कर उसकी गर्दन पर रख दिया. जब वह दोनों से बचना चाहा तो राजीव ने जान मारने की नियत से उस पर फायर कर दिया जो नसीम के गर्दन पर जा लगी. इस दौड़ान छोटे लाल ने भी उसके उपर चाकू से प्रहार कर दिया. इसके बाद हल्ला करने पर आस पास के लोग मौके पर जुट गये, जिससे उसकी जान बच पायी. इधर नवगछिया पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान में जुट गयी है.
