नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड के राघोपुर इलाके में गंगा नदी के भीषण कटाव को रोकने के लिए जल संसाधन विभाग ने आपातकालीन स्तर पर रणनीति बदलते हुए नदी मार्ग का सहारा लिया है। सड़क मार्ग दुर्गम होने के कारण कटावरोधी सामग्री की आपूर्ति में आ रही परेशानी को देखते हुए विभाग ने पहली बार दो बड़े मालवाहक जहाजों (कार्गो वेसल्स) को कटावरोधी अभियान में लगाया है। जहाजों के जरिए बड़ी मात्रा में सामग्री सीधे संवेदनशील कटाव स्थलों के करीब पहुंचाई जा रही है।

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 504

सड़क मार्ग मुश्किल हुआ तो नदी से पहुंचाई जा रही सामग्री

राघोपुर क्षेत्र में गंगा की मुख्य धारा लगातार तट की ओर दबाव बना रही है। तेज कटाव के कारण तटीय जमीन और आसपास के इलाकों में खतरा बढ़ गया है। बाढ़ और जलजमाव के कारण सड़क मार्ग से बोल्डर, सैंड बैग और जियो बैग जैसी भारी सामग्री कटाव स्थल तक पहुंचाना मुश्किल हो गया था।

ऐसे में समय बचाने और बचाव कार्य को तेज करने के लिए जल संसाधन विभाग ने जलमार्ग को वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था के रूप में इस्तेमाल करना शुरू किया। दो बड़े मालवाहक जहाजों से लगातार सामग्री कटाव प्रभावित हिस्सों के नजदीक पहुंचायी जा रही है।

छोटी नावों की तुलना में जहाजों से तेजी से पहुंच रही सामग्री

विभागीय अभियंताओं के अनुसार, गंगा के तेज बहाव में छोटी नावों के जरिए भारी मात्रा में सामग्री ले जाना जोखिम भरा होने के साथ समय लेने वाला भी था। बड़े मालवाहक जहाजों की मदद से एक बार में अधिक मात्रा में सामग्री पहुंचायी जा रही है।

जहाजों के इस्तेमाल से कटाव प्रभावित हिस्सों के करीब सामग्री पहुंचाने में बार-बार लोडिंग और अनलोडिंग की जरूरत कम हुई है। इससे संवेदनशील हिस्सों और कटाव वाले स्थानों पर बचाव कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।

ग्रामीणों में जगी कटाव थमने की उम्मीद

राघोपुर के ग्रामीणों के लिए बड़े मालवाहक जहाजों के जरिए कटावरोधी सामग्री पहुंचाया जाना नया अनुभव है। पिछले कई दिनों से गंगा के कटाव को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। खेत और तटीय जमीन लगातार कटाव की चपेट में आने से लोग अपने घर और जमीन की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे।

अब नदी के रास्ते तेजी से सामग्री पहुंचाये जाने और बचाव कार्य में तेजी आने से ग्रामीणों में कटाव पर नियंत्रण की उम्मीद जगी है। हालांकि, गंगा की तेज धारा और लगातार बदलती परिस्थितियों के बीच विभाग की यह रणनीति कटाव को रोकने में कितनी कारगर साबित होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *