भागलपुर। गंगा नदी की तेज धारा से राघोपुर जमींदारी बांध पर लगातार हो रहे कटाव और धसान को नियंत्रित करने के लिए जल संसाधन विभाग ने फ्लड फाइटिंग कार्य तेज कर दिया है। तटबंध को सुरक्षित रखने के लिए अब ‘रबिया’ और ‘शंकरदेव’ नामक बड़े मालवाहक जहाजों के जरिए बालू कटाव प्रभावित स्थलों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

बताया गया है कि इन मालवाहक जहाजों से एक साथ बड़ी मात्रा में बालू फ्लड फाइटिंग स्थल तक पहुंचाई जाएगी। रबिया जहाज की क्षमता करीब 2200 टन और शंकरदेव की करीब 1200 टन बताई गई है। इससे तटबंध सुरक्षा कार्य के लिए आवश्यक बालू की आपूर्ति में तेजी आने की उम्मीद है।

मेगा बैग और बोल्डर से कटाव रोकने की कवायद

गंगा की तेज धार के सीधे दबाव वाले हिस्सों में कटाव रोकने के लिए विभाग की ओर से कई स्तरों पर सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं। कटाव प्रभावित स्थानों पर बालू भरी बोरियां, मेगा बैग, हाथी पांव और भारी बोल्डर डाले जा रहे हैं।

इसके अलावा दियारा क्षेत्र से देशी नावों के माध्यम से भी बालू लाकर बोरियों में भरने का काम जारी है। अब बड़े मालवाहक जहाजों के जरिए एक साथ भारी मात्रा में बालू उपलब्ध होने से फ्लड फाइटिंग कार्य को लगातार जारी रखने में मदद मिलेगी।

तटबंध की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

राघोपुर जमींदारी बांध की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट है। विभाग का उद्देश्य गंगा की तेज धारा के दबाव को कम कर तटबंध को सुरक्षित रखना है, ताकि आसपास के गांवों को संभावित बाढ़ और कटाव के खतरे से बचाया जा सके।

पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र के निर्देश पर संबंधित अभियंताओं और प्रशासनिक पदाधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने तथा आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है। अधिकारियों को मौके पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी स्थिति में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *