नवगछिया-कहलगांव स्टेशन पर यात्री जनसंवाद, सुविधाओं में सुधार की उठी मांग
नवगछिया/कहलगांव। रेल मंत्रालय के निर्देश पर गुरुवार को नवगछिया और कहलगांव रेलवे स्टेशन पर यात्री जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुविधाओं में सुधार के लिए लिखित सुझाव प्राप्त किए। रेलवे का यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
Total Downloads: 442
नवगछिया स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में यात्रियों ने प्लेटफॉर्म और वेटिंग एरिया में बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां लगाने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने तथा स्टेशन परिसर की साफ-सफाई बेहतर बनाने की मांग की। इसके अलावा यात्रियों ने भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं में सुधार होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
कार्यक्रम में बरौनी से आए एएमई विजय रंजन, नवगछिया के स्वच्छता निरीक्षक विपिन कुमार, स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य मुकेश राणा सहित अन्य रेलकर्मी और स्थानीय लोग मौजूद थे।

स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य मुकेश राणा ने कहा कि यात्री जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों की समस्याएं और सुझाव सीधे रेल अधिकारियों तक पहुंच रहे हैं। इससे रेलवे को यात्री सुविधाओं में सुधार करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में रेल अधिकारियों ने यात्रियों के सहयोग और सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया।
कहलगांव में बंद वेटिंग हॉल खोलने का निर्देश
इधर, मालदा डिवीजन के डीआरएम मनीष कुमार के निर्देश पर कहलगांव स्टेशन परिसर में भी यात्री जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरीय वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के नेतृत्व में रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने यात्रियों को रेलवे की सुविधाओं और उनके दायित्वों के प्रति भी जागरूक किया।
इस दौरान सीनियर डीसीएम ने स्टेशन का निरीक्षण किया और बंद पड़े वेटिंग हॉल को खोलने का निर्देश दिया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी प्राप्त किए। यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा, जिसके तहत यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
