
नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर रंगरा थाना के पास शाम चार बजे विपरीत दिशा से आ रहे एक बोलेरो और एक पिकअप के बीच भीषण टक्कर में बोलेरो सवार एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गयी है जबकि एक बच्ची सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा. नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सकों ने सभी घायलों की स्थिति को गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया है. सभी मृतक पश्चिम बंगाल के कालियागंज रायगंज के हैं जिसमें दो कि पहचान विधायक चौधरी, मुनमुन डे के रूप में की गयी है जबकि अन्य दो कि पहचान नहीं हो पायी है. पुलिस ने बताया कि घायलों से मिले मृतकों के परिजनों को मोबाइल से सूचना दे दी गयी है. समाचार लिखे जाने तक मृतकों के परिजन नवगछिया अनुमंडल अस्पताल के लिए रवाना हो गए थे लेकिन देर शाम तक मृतक के परिजन नवगछिया नहीं पहुंचे थे. इधर घायलों में रायगंज कालियागंज निवासी ज्योत्स्ना भामी65, बीना रानी चौधरी60, अनीता घोष20, संदीप कुमार 12 हैं. सभी घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई थी. मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो पर सवार रायगंज कालियागंज के सभी लोग देवघर सत्संग मंदिर एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो पूर्णिया की ओर से आ रही थी जब की पिक आप वैन पकरा हाट से मवेशी लोड करके कटिहार की ओर जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो पिकअप वाहन और बोलेरो का चालक दोनों वाहनों को लापरवाही पूर्वक और तेज गति से चला रहे थे. रंगरा थाना के पास राजमार्ग पर दोनों के बीच सीधी टक्कर हुई जिसमें बोलेरो के परखच्चे उड़ गए. बोलेरो घटना से बाद पलट गया था. जिससे उस पर सवार सभी लोग बोलेरो में बुरी तरह से फंस गए. घटना के तुरंत बाद पहुंची रंगरा पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो से निकाला और अस्पताल की ओर रवाना किया. दुर्घटना के तुरंत बाद पिकअप का चालक और खलासी समेत अन्य लोग मौके से फरार हो गए जब कि वक्त हादसे में घटनास्थल पर ही 4 लोगों की मौत हो गई थी. मामले की बाबत रंगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी थी.

