विक्रमशिला सेतु बंद होने का असर: भागलपुर आने के बजाय नवगछिया रूट तलाश रहे बाहर रहने वाले लोग
नवगछिया। विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का परिचालन बंद होने के बाद नवगछिया और भागलपुर के बीच आवागमन को लेकर परेशानी बढ़ गयी है। इसका असर अब त्योहारों में दूसरे राज्यों से अपने घर लौटने वाले लोगों की यात्रा योजना पर भी दिखने लगा है। दिल्ली, लखनऊ समेत दूसरे शहरों से भागलपुर आने वाले कई लोग अपने ट्रेन टिकट रद्द कर सीधे नवगछिया या आसपास के स्टेशनों तक पहुंचने वाली ट्रेनों में सीट तलाश रहे हैं।
Total Downloads: 354
यात्रियों का कहना है कि ट्रेन से भागलपुर पहुंचने के बाद नवगछिया जाने में सड़क मार्ग से काफी परेशानी होगी। ऐसे में उन्होंने भागलपुर का टिकट कैंसिल कर नवगछिया रूट से घर पहुंचने का विकल्प चुना है। खासकर दुर्गापूजा और छठ के दौरान बाहर से बड़ी संख्या में लोगों के घर लौटने की उम्मीद है। ऐसे में पुल बंद रहने के कारण लोगों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ रही है।
दिल्ली से भागलपुर का ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस का टिकट कराया कैंसिल
दिल्ली में बेटे के पास रहने वाले गोपालपुर के सैदपुर निवासी जेपी सिंह दुर्गापूजा में परिवार के साथ घर आने वाले थे। उन्होंने 12 अक्टूबर को ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस से दिल्ली से भागलपुर आने के लिए टिकट बुक कराया था।

विक्रमशिला सेतु बंद होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने भागलपुर आने का टिकट कैंसिल करा दिया। वापसी के लिए विक्रमशिला एक्सप्रेस में बुक टिकट भी रद्द करा दिया। अब उन्होंने आने-जाने के लिए नवगछिया रूट की ट्रेन में टिकट बुक कराया है।
लखनऊ से बिहपुर आने की योजना भी बदली
बिहपुर निवासी एस. कुमार भी उन यात्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने पुल बंद होने के बाद अपनी यात्रा का रूट बदल दिया। उन्हें छठ के मौके पर लखनऊ से भागलपुर होते हुए बिहपुर आना था। उन्होंने पहले ही 13 नवंबर की गोमतीनगर-गोड्डा एक्सप्रेस में टिकट बुक करा लिया था।
उन्हें उम्मीद थी कि छठ तक विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बहाल हो जाएगा। लेकिन पुल बंद होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ट्रेन का टिकट कैंसिल करा दिया। इसके बाद उन्होंने अवध-असम एक्सप्रेस में नवगछिया रूट से आने के लिए बर्थ बुक करायी।
भागलपुर होकर तारापीठ जाने का कार्यक्रम भी रद्द
नवगछिया की मूल निवासी और वर्तमान में दिल्ली में रहने वाली मौसमी कुमारी ने भी विक्रमशिला सेतु बंद होने के कारण अपनी यात्रा योजना बदल दी। वह छठ के दौरान परिवार के साथ गांव आने वाली हैं।
छठ के बाद परिवार के सदस्यों के साथ सड़क मार्ग से भागलपुर होते हुए तारापीठ जाकर मां तारा के दर्शन की योजना थी। इसके लिए उन्होंने सात सीट वाली बड़ी चारपहिया गाड़ी भी बुक करा ली थी। लेकिन पुल बंद होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने भागलपुर होकर तारापीठ जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया।
त्योहार में बढ़ेगी यात्रियों की चुनौती
दुर्गापूजा और छठ के दौरान दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, पंजाब, हरियाणा समेत दूसरे राज्यों में रहने वाले नवगछिया और आसपास के बड़ी संख्या में लोग घर लौटते हैं। विक्रमशिला सेतु बंद रहने की स्थिति में इन यात्रियों के सामने भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन बड़ी चुनौती बन गया है।
यही वजह है कि कई यात्री अब भागलपुर तक आने के बजाय सीधे नवगछिया या आसपास के रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने वाली ट्रेनों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे त्योहार के दौरान नवगछिया रूट की ट्रेनों में भी सीटों की मांग बढ़ने की संभावना है।
