नवगछिया : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा की ओर से रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 26 जनवरी 2026 को आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके सेवा भाव का सम्मान किया गया।


नवगछिया न्यूज़ WhatsApp Group

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में ब्लड ऑन डिमांड अभियान के तहत एक प्रसूता महिला के ऑपरेशन के लिए रक्त की आवश्यकता होने पर शाखा के सदस्य दीपक शर्मा और रोशन यादुका ने भागलपुर जाकर रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है और रक्तदाताओं का निस्वार्थ समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

शाखा सचिव दीपक मांवड़िया ने युवाओं और आम नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। वहीं उपकोषाध्यक्ष ओम यादुका ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए जरूरत पड़ने पर रक्तदान ही किसी मरीज की जान बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम में मारवाड़ी विवाह भवन के सचिव शंभू रुंगटा ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

रक्तदाता सम्मान समारोह को सफल बनाने में ओम यादुका, मानस चिरानिया, आयुष खेमका सहित कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....