नगर परिषद नवगछिया की वार्षिक बजट बैठक में कुमार मिलन सागर सांसद प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं—सड़क, जल निकासी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और नागरिक शिकायतों के समाधान—को प्राथमिकता देते हुए शहर के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। कुमार मिलन सागर ने माननीय सांसद अजय कुमार मंडल की ओर से सुझाव देते हुए कहा कि व्यापक जनहित के लिए नगर परिषद और सांसद कार्यालय के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सांसद प्रतिनिधि ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद नवगछिया से पिछले तीन वर्षों (2023–2026) की योजनाओं से संबंधित विस्तृत लिखित जानकारी मांगी। इसमें योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, खर्च के अनुरूप कार्य की स्थिति, अधूरे या रुके हुए प्रोजेक्ट की सूची, कार्यों की गुणवत्ता और उसकी निगरानी व्यवस्था से जुड़ी जानकारी शामिल है।

इसके अलावा उन्होंने वार्ड स्तर पर निगरानी तंत्र की उपलब्धता, नागरिकों की प्रमुख समस्याएं—जैसे जलभराव, कचरा प्रबंधन, टूटी सड़कें और स्ट्रीट लाइट—पर रिपोर्ट देने को कहा। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तावित नई योजनाओं, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभ, बजट बनाम व्यय रिपोर्ट, भौतिक प्रगति रिपोर्ट और ऑडिट रिपोर्ट की भी मांग की।
बैठक में इन मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई, जिससे शहर के विकास कार्यों को गति देने और बेहतर योजना बनाने की दिशा में पहल मानी जा रही है।

