नवगछिया : इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा घोषित सीए परीक्षा परिणाम में नवगछिया की बेटी खुशी गर्ग ने शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया 15वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
खुशी ने बताया कि सीए की पढ़ाई चुनौतीपूर्ण जरूर होती है, लेकिन मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बाल भारती विद्यालय से पूरी की। पिता के निधन के बाद परिवार को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन परिवार के सहयोग और हौसले ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
दसवीं के बाद खुशी ने कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज से आगे की पढ़ाई की और सीए की तैयारी शुरू की। उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान कई चुनौतियां आईं, लेकिन लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा। छुट्टियों में भी नियमित अध्ययन और कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि आज उन्होंने देशभर में 15वीं रैंक हासिल की है।

इधर, नवगछिया के नगरह निवासी अमन कुमार ने भी सीए परीक्षा उत्तीर्ण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अमन ने बनारसी लाल सर्राफ कॉमर्स कॉलेज से बी.कॉम की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में वह दिल्ली स्थित नेशनल हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) में अकाउंट सेक्शन में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
अमन के पिता प्रो. अमरजीत सिंह बनारसी लाल सर्राफ कॉमर्स कॉलेज में परीक्षा नियंत्रक हैं। उन्होंने बताया कि अमन ने मैट्रिक पूर्णिया भट्ठा हाई स्कूल और इंटरमीडिएट पूर्णिया कॉलेज से पास किया था।

