नवगछिया : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को नवगछिया अनुमंडल के मैदान और नारायणपुर स्थित जेपी कॉलेज परिसर पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे उनका हेलीकॉप्टर निर्धारित हेलीपैड पर उतरा। मंच पर उन्होंने वीआईपी प्रत्याशी को जीत का माला पहनाया और महागठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की। समय की कमी के कारण उन्होंने सभा को संक्षिप्त रखा।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब तेजस्वी यादव हेलीपैड की ओर लौट रहे थे, तो वहां पहले से ही भारी संख्या में लोग जमा हो चुके थे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि बांस से बनी बैरिकेडिंग टूट गई और हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने में दिक्कत होने लगी।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल और कार्यकर्ताओं ने करीब पांच मिनट तक लोगों को पीछे हटाने और बैठाने का प्रयास किया। सुरक्षा घेरा मजबूत होने के बाद हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और तेजस्वी यादव अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए

