नवगछिया: एनएच-31 पर सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे बस स्टैंड के समीप एक यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
Total Downloads: 61
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद रथ नामक यात्री बस रांची से सिलीगुड़ी जा रही थी और पूर्णिया की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान मकनपुर चौक से पहले बस स्टैंड के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों को काफी नुकसान पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को जब्त कर थाने भेज दिया, जबकि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया।

बस के उपचालक पिंटू कुमार ने बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे ट्रक ने पीछे से बस में टक्कर मार दी। हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
थाना प्रभारी रविशंकर सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन और ट्रक चालक को थाना लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
