नारायणपुर | थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में एक किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नवटोलिया निवासी पीड़ित किसान अमृत कुमार ने आवेदन देकर चौहद्दी गांव के ईशो यादव, उसके पुत्र देवेंद्र कुमार, परितोष कुमार, अभिषेक कुमार और प्रिंस कुमार को नामजद आरोपी बनाया है। आवेदन में पीड़ित ने बताया कि 6 अप्रैल को वह फसल कटाने के लिए दियारा क्षेत्र जा रहे थे।

इसी दौरान रेलवे फाटक के समीप पहले से घात लगाए आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और हथियार के बट तथा लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में अमृत कुमार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर ले गए।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....