नवगछिया के खैरपुर क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान ठनका गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गंगा पार स्थित बिचली दियारा इलाके की है, जहां खेत में मौजूद किसान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
Total Downloads: 105
मृतक की पहचान खैरपुर निवासी 43 वर्षीय सुधीर यादव, पिता स्वर्गीय त्रिवेणी यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वे बिचली दियारा में खेती-बाड़ी करते थे और वहीं बासा बनाकर मवेशियों का पालन-पोषण भी करते थे।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार शाम सुधीर यादव अपने मवेशियों को बहियार में चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद ठनका गिरा, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही खैरपुर थाना के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार और जेएसआई सौरभ कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीण विनोद यादव ने बताया कि सुधीर यादव मेहनती किसान थे और खेती के साथ-साथ पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को आपदा राहत कोष के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।
