नवगछिया। आदर्श थाना क्षेत्र अंतर्गत डाक बंगला रेलवे फ्लाईओवर के पास मंगलवार को दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हादसे में एक टोटो भी चपेट में आ गया, जिससे करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
घायलों में फैजान मलिक, राजा कुमार, भवेश यादव, सर्वेश कुमार और कुंदन यादव (पिता दुखन यादव) शामिल हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार युवक चंदनगर से अपने दो साथियों के साथ मकनपुर चौक की ओर जा रहा था। उसी समय दूसरी बाइक भवानीपुर से मकनपुर की ओर आ रही थी।

दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आ रहा एक टोटो भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसमें बैठे यात्रियों को भी चोटें आईं।
हादसे के बाद बढ़ा विवाद
घटना के बाद स्थिति तब बिगड़ गई जब एक बाइक सवार के साथ मारपीट शुरू हो गई। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि जानबूझकर टक्कर मारी गई है। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग मौके पर जुट गए और विवाद बढ़ने लगा।
अस्पताल में हंगामा
घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गए, जहां करीब एक घंटे तक अफरातफरी और हंगामे का माहौल बना रहा।
घायलों के परिजन आपस में भिड़ने को तैयार दिखे। एक घायल युवक की मां और बहन समेत महिला परिजन चीखते-चिल्लाते नजर आए, जिससे अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को इलाज करने में परेशानी हुई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आदर्श थाना नवगछिया की पुलिस दरोगा अजहर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
दरोगा अजहर ने बताया कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई थी, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

