नवगछिया पुलिस जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा निवासी अमोल यादव को साइबर ठगी के शिकार हुए 50,000 रुपये वापस मिल गए हैं। साइबर थाना की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के बाद यह राशि उनके बैंक खाते में सफलतापूर्वक लौटा दी गई।
जानकारी के अनुसार, अमोल यादव ने डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म PhonePe के जरिए एक लेनदेन के दौरान गलती से 50,000 रुपये किसी अन्य खाते में भेज दिए थे। अपनी गलती का एहसास होने पर उन्होंने संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर राशि वापस लेने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद अमोल यादव ने साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर थाना की टीम ने तुरंत तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने बैंकिंग लेनदेन विवरण, डिजिटल रिकॉर्ड और संबंधित बैंक व पेमेंट प्लेटफॉर्म से समन्वय स्थापित कर मामले की लगातार निगरानी की।

लगातार प्रयास और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 50,000 रुपये की पूरी राशि अमोल यादव के बैंक खाते में वापस जमा करा दी गई। राशि वापस मिलने पर उन्होंने और उनके परिवार ने साइबर थाना की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
साइबर थाना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेनदेन करते समय खाता नंबर, यूपीआई आईडी और प्राप्तकर्ता का नाम सावधानीपूर्वक जांच लें। किसी भी साइबर ठगी या गलत लेनदेन की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान की भरपाई की जा सके।
