नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। जांच दल के पहुंचने से पहले ही कई संचालकों ने अपने केंद्र बंद कर दिए, जबकि कुछ मौके से फरार हो गए।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सिविल सर्जन के निर्देश पर गठित जांच दल ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। सीएचसी प्रभारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि जांच के लिए सीएचसी से डॉ. अंकित कुमार को भेजा गया था।
जांच के दौरान कई संचालकों ने अपने केंद्रों से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए।

डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि डॉ. अंकित कुमार की रिपोर्ट और एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन जिलाधिकारी एवं सिविल सर्जन को भेजा जाएगा। इसके बाद भागलपुर जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे केंद्रों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध पंजीकरण और अनुमति के संचालित किसी भी स्वास्थ्य केंद्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

