भागलपुर : इस वर्ष जेठ की गर्मी लोगों ने सोमवार को महसूस की। तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने के कारण आग बरसने जैसा अनुभव हो रहा था। पिछले चार दिनों से अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास रह रहा है। हालांकि मंगलवार से लोगों को गर्मी से राहत मिल जाएगी। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान एम्फन के सक्रिय होने का प्रभाव कमोबेश यहां भी पड़ेगा। तेज हवाओं के साथ अगले तीन दिनों तक बारिश होगी।
बीएयू के कृषि मौसम वैज्ञानिक प्रो. बीरेंद्र कुमार ने भी पूर्वानुमान में इसकी पुष्टि की है। बारिश होने से तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में लोगों को गर्मी से भी राहत मिलेगी। इधर, बीते तीन दिनों से काया झुलसा देने वाली चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी ने लोगों को जीना मुश्किल कर दिया है। रात भी उमस भरी हो रही है। बीएयू के मौसम विभाग में सोमवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

सोमवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 27 डिग्री रहा
भागलपुर : धूप और उमस के बीच बिजली की लुकाछिपी ने लोगों को परेशान कर दिया है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में हर दिन पांच-छह घंटे बिजली कट रही है। लो वोल्टेज और टिप की समस्या भी बरकरार है। शहरी क्षेत्र के बरारी, सिविल सर्जन, टीटीसी, पटल बाबू, मोजाहिदपुर, नया बाजार केंद्र और ग्रामीण के अलीगंज, हबीबपुर से नूरपुर तक एक सप्ताह से बिजली की लुकाछिपी जारी है। कुछ जगहों पर अधिक लोड होने पर तार भी टूट रहे हैं, जबकि सभी उपकेंद्र और फीडर की क्षमता बढ़ाने के लिए दस एमबीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर लगाया जा चुका है। उपकेंद्र और फीडर के रख-रखाव का काम भी पूरा हो गया है। जगदीशपुर में चालू किए गए नए पावर ग्रिड से भी आपूर्ति शुरू हो गई है। इसके बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है।


