कुरसेला :गंगा नदी किनारे चांयटोला दियारा क्षेत्र में बुधवार को वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई. इसी दौरान गोली लगने से एक मजदूर की मौत हो गयी. घटना गांधी स्मृति स्थल के पास की है.
Total Downloads: 466
मजदूर के पेट में लगी थी गोली
मृतक अशोक मंडल (40) पिता स्व रामफल मंडल थाना क्षेत्र के चांयटोला गांव का रहनेवाला था. मजदूर के पेट में गोली लगी थी. गोली लगने के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही कुरसेला थानाध्यक्ष प्रह्लाद कुमार यादव दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे व घटना की जांच की. मामले में पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया.
दो पक्षों में तकरीबन 15 राउंड गोली चलने की खबर
चांयटोला दियारा में वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में तकरीबन 15 राउंड गोली चलाये जाने की जानकारी मिली है. इसमें एक पक्ष द्वारा चलायी गयी गोली मक्का खेत में कुदाल चला रहे मजदूर अशोक को जा लगी. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. दियारा में दो पक्षों में गोलीबारी की घटना से दहशत है.

इलाके में दहशत का माहौल
भय से दियारा के लोग खुल कर कुछ भी बताने से गुरेज कर रहे हैं. गोलीबारी की घटना मामले में पुलिस जांच पड़ताल कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पत्नी टुशो देवी का पति की मौत के बाद रोकर बुरा हाल है. मजदूर अशोक को चार पुत्री, दो पुत्र है. घर का भरण पोषण मजदूर के कंधों पर था. दियारा क्षेत्र में पूर्व में वर्चस्व को लेकर कई आपराधिक घटनाएं घटित हो चुकी हैं.
